उत्तराखंड (देहरादून) 6 जून 2025: सीएसआईआर-भारतीय पेट्रोलियम संस्थान ने बृहस्पतिवार को प्लास्टिक प्रदूषण का अंत विषय पर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। इस कार्यक्रम में एयर वाइस मार्शल केएए संजीब मुख्य अतिथि तथा विंग कमांडर एएस सचान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य वैज्ञानिक हेमंत कुलकर्णी ने विश्व पर्यावरण दिवस के उद्देश्य पर संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए बहु-आयामी दृष्टिकोण की आवश्यकता है जिसमें इसके उपयोग को कम करने के लिए जीवनशैली में बदलाव भी शामिल है। संस्थान के निदेशक डा हरेन्द्र सिंह बिष्ट ने भारतीय वायुसेना के आईआईपी के संवहनीय विमानन इंधन प्रौद्योगिकी में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी गतिविधियों में कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए ऊर्जा कुशल प्रौद्योगिकियों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य अतिथि एयर वाइस मार्शल केएए संजीव ने सीएसआईआर-आईआईपी के कार्यों की सराहना की। डा सनत कुमार ने प्लास्टिक प्रदूषण को हराएं विषय पर अपने व्याख्यान में संस्थान की अपशिष्ट प्लास्टिक से ईंधनतक की यात्रा की जानकारी दी। इस कार्यक्रम में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित आनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। तत्पश्चात संस्थान के कर्मचारियों ने डा सुनील कुमार सुमन के पर्यवेक्षण में आयोजित वृक्षारोपण अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा संस्थान परिसर में कुल 115 पौधे लगाए।
