उत्तराखंड (देहरादून) 3 जून 2025: दून मे जमीनी धोखाधड़ी लगातार बढ़ती जा रही है। इस बार जमीन दिलाने के नाम पर एक शख्स से 18 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई है। शिकायत पर रायपुर पुलिस ने आरोपित को नामजद कर मुकदमा दर्ज किया है।
मामले में याकूब सिद्दकी निवासी ईस्ट शिमला एन्क्लेव सेवलाकलां ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसने अधोईवाला स्थित जमीन देवेन्द्र सिंह चौधरी निवासी नाला पानी रोड के साथ संयुक्त रूप से खरीदने को लेकर एक अनुबंध पत्र दो मार्च 2024 को जमीन की मालिक रेनू सोनार निवासी एकता एन्क्लेव रिंग रोड नत्थनपुर से निष्पादित किया। जिसमें उसने अपने हिस्से की रकम 18 लाख 50 हजार रुपए रेनू सोनार को अदा किए। शेष विक्रयपत्र अंकन व निष्पादन होने पर अदा किए जाने थे। किन्तु जब विक्रयपत्र निष्पादन का समय आया तो रेनू सोनार विक्रयपत्र निष्पादन करने में टाल मटोल करने लगी। उसके बार-बार पूछने पर रेनू सोनार ने बताया कि उसने यह जमीन उसके भागीदार देवेन्द्र सिंह चौधरी को बेच दी है। अब वह देवेन्द्र सिंह चौधरी से ही अपने हिस्से की जमीन का बैनामा करवा ले। जिस पर उसने अपने भागीदार देवेन्द्र सिंह चौधरी से सम्पर्क किया तो उसने कहा कि इस जमीन का बैनामा अब उसके हक में अंकित नहीं हो पाएगा, क्योंकि उसने यह जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी है। आरोपित ने उसकी रकम वापस लौटा देने की बात कही और उसे दो बार 18 लाख 50 हजार रुपए के चेक भी दिए, परन्तु दोनों बार पर्याप्त रकम न होने के कारण चेक बाउंस हो गए। आरोपित ने उसकी रकम हड़प ली। पुलिस ने आरोपित देवेन्द्र सिंह चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
