उत्तराखंड (देहरादून) 3 जून 2025: शहीद सैनिकों के आश्रितों की अनुदान राशि अब 10 लाख से बढ़कर हुई 50 लाख, शासनादेश जारी देहरादून (एसएनबी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रदेश में शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख किये जाने की घोषणा की गई थी। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुपालन से संबंधित शासनादेश सोमवार को जारी कर दिया गया है।
सैनिक कल्याण अनुभाग के स्तर से जारी शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि सीएम की घोषणा के क्रम में शहीद आश्रितों को 26 जुलाई, 2024 से अनुमन्य की जायेगी। इस प्रकार प्रदेश में अब शहीद सैनिकों के आश्रितों को 50 लाख की अनुग्रह राशि अनुमन्य होगी।
सीएम ने कहा है कि उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। हमारे वीर जवानों ने देश की सीमाओं की सुरक्षा में अपने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया है। पीएम के नेतृत्व में सैनिकों के हित में भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा रहे हैं। वन रैंक-वन पेंशन, नेशनल वर मेमोरियल का निर्माण, रक्षा बजट में वृद्धि के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रचर को मजबूत किया गया है।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है। शहीदों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख रुपए से बढ़ाकर 50 लाख रुपए किया गया है। सेना में परमवीर चक्र से लेकर मेन्सन इन डिस्पैच तक सभी वीरता पुरस्कारों से अंलत सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त और वार्षिकी राशि में भी वृद्धि की गई है।
वहीं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने इस फैसले पर मुख्यमंत्री धामी का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय शहीदों के प्रति राज्य सरकार की गहरी संवेदनशीलता और सम्मान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम न केवल शहीदों के परिवारों को आर्थिक संबल देगा, बल्कि उनके गौरव को भी सशक्त करेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य सरकार की सैनिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
