उत्तराखंड (ऋषिकेश) 2 जून 2025: गंगा में नहाते समय डूबने से उत्तर प्रदेश के संभल निवासी युवक की मौत हो गई। उसे बचाने के लिए गंगा में कूदा उसका साथी भी तेज बहाव में फंस गया था, लेकिन वह किसी तरह एक बड़े पत्थर पर पहुंच गया। एसडीआरएफ की टीम ने उसे रेस्क्यू किया। गंगा में डूबे युवक का शव बरामद कर लिया गया है।
एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि गुरुग्राम (हरियाणा) में किसी कंपनी में काम करने वाले 14 युवकों का दल रविवार को ऋषिकेश आया था। यह दल सिंगटाली पुल के पास गंगा में नहाने पहुंच गया।
इस दौरान दल में शामिल गुड्डू यादव (26) पुत्र बीरेंद्र यादव निवासी ग्राम सेमला, जिला संभल, उत्तर प्रदेश तेज बहाव की चपेट में आने से नदी के गहराई वाले हिस्से में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसका साथी अंकित कुमार (30) गंगा में कूदा। वह भी डूबने लगा, लेकिन किसी तरह लहरों को पार करते हुए एक बड़े पत्थर पर पहुंच गया। अन्य युवकों की सूचना पर ब्यासी से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने पत्थर के ऊपर फंसे अंकित को निकाला। 25 फीट गहराई में गुड्डू का शव बरामद किया।
