उत्तराखंड (डोईवाला) 2 जून 2025: वन विकास निगम द्वारा कालूवाला में खनन कार्य के खिलाफ किसानों ने लगभग तीन घंटे तक हंगामा किया। किसानों ने तोल कांटे को बंद कर अधिकारियों पर जबरन खनन करने का आरोप लगाया। किसानों के विरोध को देखते हुए वन विकास निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने समस्या के समाधान तक सोमवार तक खनन निकासी पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया। इसके बाद किसानों ने धरना स्थगित कर दिया। गन्ना समिति के प्रशासक मनोज नौटियाल और पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष डबल सिंह भंडारी ने कहा कि जनसुनवाई में जनता के विरोध के बावजूद खनन कार्य किया गया, जिससे विभिन्न गांवों में सिंचाई के पानी का संकट उत्पन्न होगा और जल स्रोत समाप्त हो जाएंगे। इन गांवों की लगभग 40 हजार बीघा कृषि भूमि पर भी सिंचाई का संकट पैदा होगा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा, कांग्रेस नेता गौरव सिंह और सागर मनवाल ने कहा कि जल स्रोत को नुकसान पहुंचाने वाले खनन कार्य को किसान नहीं होने देंगे। विभाग को जल स्रोत को नुकसान पहुंचाए बिना दो किलोमीटर क्षेत्र को छोड़कर खनन कार्य करना चाहिए। वन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक महेश चंद्र आर्य ने नदी में निरीक्षण किया।
