उत्तराखंड (देहरादून) 1 जून 2025: दून में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। शनिवार को दो युवकों की कोविड रिपोर्ट पाजिटिव आई है। दोनों की स्थिति सामान्य है और वे घर पर ही आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को घबराने के बजाये सतर्क रहने की सलाह दी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज शर्मा ने बताया कि 24 वर्षीय युवक ने मसूरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में जांच कराई थी। जबकि 33 वर्षीय युवक ने टर्नर रोड स्थित निजी लैब में कोरोना जांच कराई है। दोनों को नजला, खांसी और बुखार की शिकायत थी। जांच रिपोर्ट पाजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनसे संपर्क किया। डा. शर्मा के अनुसार, दोनों युवकों की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है और कोई पुरानी बीमारी भी नहीं पाई गई है। इनके परिवार के अन्य सदस्य स्वस्थ हैं। फिलहाल दोनों होम आइसोलेशन में हैं और उन पर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बनी हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक दून में अब तक कोरोना के 13 मामले रिपोर्ट हुए हैं। इनमें से पांच संक्रमित अन्य राज्यों को जा चुके हैं, जबकि शेष मरीजों का उपचार यहीं किया गया।
कोरोना संक्रमण के लक्षण
बुखार आना, गले में खराश होना, खांसी, नजला-जुकाम, शरीर में दर्द या थकान, स्वाद अथवा गंध का कम महसूस होना आदि मुख्य लक्षण है।
