उत्तराखंड (ऋषिकेश) 23 मई 2025: थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने अवैध चरस के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष लक्ष्मण झूला संतोष पैथवाल ने बताया कि क्षेत्र में ऐसे ड्रग्स तस्करों के खिलाफ थाना स्तर पर पुलिस टीमें गठित कर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। थाना स्तर पर दो अलग-अलग डेडीकेटेड टीमों का गठन किया गया है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला संतोष पैथवाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने स्वर्गाश्रम टैक्सी स्टैंड से लगे आम के बगीचे में एक ड्रग पैडलर को भारी मात्रा में अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए ड्रग पैडलर से करीब पौने किलो अवैध चरस बरामद हुई है। पूछताछ करने पर पेडलर ने नाम राजेश मिश्रा निवासी ग्राम अहिरौली मिश्र थाना तमकुशी जिला कुशीनगर (उप्र) बताया है। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि अवैध चरस को बीते हफ्ते ही वीरगंज जिला बेतिया बिहार क्षेत्र से खरीद कर लाया है। बरामद चरस को वह ऋषिकेश और हरिद्वार क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर ऊंचे दाम में देशी विदेशी पर्यटकों के साथ ही संन्यासी बाबाओं को सप्लाई करता है। थानाध्यक्ष लक्ष्मण झूला ने बताया है की ड्रग पेडलर से पूछताछ के बाद पुलिस टीम ऋषिकेश ओर हरिद्वार क्षेत्र में भी पेडलरों की तलाश कर रही है। साथ ही आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला संतोष पैथवाल, चौकी प्रभारी रामझूला उप. निरी उत्तम रमोला, हेड कांस्टेबल सुवर्धन, पंकज, सुनील और पीआरडी जवान विमल बिष्ट शामिल रहे।
