उत्तराखंड (देहरादून) 21 अप्रैल 2025: टर्नर रोड क्षेत्र में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से एमडीडीए कालोनी समेत आसपास के सभी इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। पानी न मिलने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पित्थूवाला जल संस्थान के अंतर्गत टर्नर रोड और एमडीडीए कालोनी के कुछ हिस्सों में टर्नर रोड स्थित ट्यूबवेल से पेयजल आपूर्ति होती है। इन दिनों टर्नर रोड पर यूपीसीएल द्वारा बिजली के तारों को भूमिगत करने के लिए खोदाई का काम किया जा रहा है। शनिवार शाम खोदाई के दौरान टर्नर रोड सी-04 के समीप पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे रविवार सुबह टर्नर रोड और एमडीडीए कालोनी के कई घरों में पानी नहीं पहुंचा। इस दौरान भारी मात्रा में पानी की भी बर्बादी हुई। सहायक अभियंता नरेंद्र जगवाण ने बताया कि पाइपलाइन को दुरुस्त कराया जा रहा है, जल्द आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
