उत्तराखंड (देहरादून) 22 अप्रैल 2025: कन्या गुरुकुल परिसर के संगीत विभाग की ओर से आयोजित सात दिवसीय कार्यशाला का सोमवार को समापन हो गया। कार्यशाला में छात्राओं के साथ महिलाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच मिला। छात्राओं व शिक्षिकाओं के साथ महिलाओं ने भी कथक की प्राचीन परंपरा जानी। वृंदावन से आए प्रसिद्ध कथक नृतक आशीष सिंह ने कथक की बारीकियां सिखाईं।
कार्यक्रम की शुरुआत एचएसएस ग्रुप के अध्यक्ष हेमराज सिंह सैनी व समन्वयक प्रो. हेमन पाठक ने की। प्रसिद्ध कथक नृतक आशीष सिंह ने अपनी प्रस्तुति से छात्राओं को शास्त्रीय संगीत की महत्ता और गरिमा बताई। उन्होंने कहा कि सप्ताहभर तक चली कार्यशाला में भारतीय सांस्कृतिक धरोहर से समाज का परिचय हुआ। कहा कि आज के आधुनिक परिवेश व पाश्चात्य संस्कृति के व्यापक प्रभाव के बीच शास्त्रीय संगीत के प्रति लोगों में रुचि जगाने के लिए ऐसी कार्यशाला महत्वपूर्ण साबित होगी। इस दौरान संगीत विभाग की विभागाध्यक्ष डा. ममता यादव, डा. सरिता नेगी, प्रो. निपुर सिंह, प्रो. रेणु शुक्ला, डा. प्रवीणा चतुर्वेदी, डा. नीना गुप्ता, डा. सविता आदि मौजूद रहे।
