उत्तराखंड (देहरादून) 14 अप्रैल 2025: वसंत विहार स्थित केदार पार्क क्रिकेट ग्राउंड में दो बच्चों के बीच विवाद हो गया, जिसमें कुछ युवकों ने चापड़ व तलवार से हमला कर दिया। विवाद में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वसंत विहार थाना पुलिस ने आठ नामजद व 15 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में रजत शर्मा निवासी इंजीनियर्स एन्क्लेव, वसंत विहार ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने साथी राजेश रावत, ऋषभ रमोला, राहुल रमोला, सुमित के साथ केदार पार्क में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान कबीर मलिक निवासी कांवली गांव, शोएब खान निवासी मुल्ला बस्ती, विशाल गर्ग निवासी हरबंसवाला, आर्यन निवासी प्रेमनगर, शिवम निवासी पंडितवाड़ी, नमन असवाल निवासी वसंत विहार, सिद्धार्थ निवासी गांधी ग्राम, शिवांश भट्ट निवासी राजपुर रोड अपने 10-15 अन्य साथियों के साथ वाहनों में सवार होकर पहुंचे। आरोपितों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें वह व उसके दो दोस्त राजेश व ऋषभ को गंभीर चोटें आईं। थानाध्यक्ष वसंत विहार प्रदीप रावत ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में विवाद हुआ। आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
