उत्तराखंड (देहरादून) 7 अप्रैल 2025: कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बाइक खड़ी करने को लेकर हुई कहासुनी के दौरान एक व्यक्ति की डंडे से पीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
लोअर नेहरू ग्राम थाना रायपुर निवासी लक्ष्मी पत्नी रोहित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पिता देवीदीन और संदीप निवासी रामबाग गुडरिच में एक किराये के मकान में रहते थे। शनिवार दोपहर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर संदीप ने उसके पिता पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपित संदीप को बाड़वाला स्थित मेला ग्राउंड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने बताया कि उसकी बाइक मृतक के कमरे के सामने खड़ी रहती थी, जिसको लेकर घटना के दिन दोनों के बीच बहस हो गई। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि आरोपित के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जज के सामने पेश करने बाद जेल भेज दिया गया है।
