उत्तराखंड (देहरादून) 5 फरवरी 2025: परिवहन विभाग ने यातायात नियमों को लेकर जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान जमकर चालान काटे। सड़क सुरक्षा माह के तहत आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने को लेकर चालान काटने की कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को संभागीय परिवहन अधिकारी शैलेश तिवारी के निर्देश पर सड़क सुरक्षा माह के अन्तर्गत ओवर स्पीड, बिना हेलमेट व सीट बैल्ट के विरूद्ध परिवहन विभाग ने अभियान चलाया। देहरादून शहर में एआरटीओ राजेन्द्र विराटिया की अगुवाई में परिवहन कर अधिकारी एमडी पपनोई, जितेन्द्र विष्ट, श्वेता रौथाण एवं परिवहन उप निरीक्षक आनंद रतुड़ी और शशिकान्त तेंगवाल द्वारा हरिद्वार मार्ग,सहारनपुर मार्ग, रायपुर मार्ग, चकराता मार्ग,शिमला बाईपास मार्ग पर चैकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान नियमों के उल्लंघन में 155 वाहनों के चालान काटे गए। एआरटीओ राजेन्द्र विराटिया ने बताया कि अभियान में ओवर स्पीड करते पाये जाने पर 85, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट में 62 वाहनों के चालान किये गये हैं। बताया कि परिवहन विभाग द्वारा शहर में एएनपीआर कैमरे लगाये गये हैं जिनके माध्यम से भी बिना हेलमेट ओवर स्पीड, दुपहिया में ट्रिपल राईडिंग करने वाले चालकों के विरूद्ध प्रवर्तन की कारवाई की जा रही है।
