कैंप में प्राइवेट हॉस्पिटलों के स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी देंगे सेवाएं
उत्तराखंड (देहरादून) 17 दिसंबर 2024: 18 दिसंबर से 27 फरवरी तक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संचालित राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन(एनयूएचएम) कार्यक्रम के तहत विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। एनएचएम मिशन डायरेक्टर स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि एनयूएचएम कार्यक्रम के तहत एक नवाचार योजना के रूप में 20 विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर, दून नगर निगम के मलिन बस्तियों में आयोजित किए जाएंगे। जहां स्वास्थ्य सेवाओं की अधिक आवश्यकता है। इन कैंप में प्राइवेट अस्पतालों के स्पेशलिस्ट डॉक्टरों द्वारा भी सेवाएं प्रदान की जाएगी।
इन शिविरों का उद्देश्य मलिन बस्तियों में रहने वाली जनसंख्या को स्वास्थ्य लाभ प्रदान करना है। कैंप में स्पेशलिस्ट डॉक्टरों द्वारा कई स्वास्थ्य समस्याओं का परीक्षण व उपचार किया जाएगा।इसके अलावा कैंप में स्वास्थ्य संबंधित सेवा एंव हेल्थ अवेयरनेस कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। मिशन निदेशक के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों के माध्यम से मलिन बस्तियों और स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित क्षेत्रों के लोगों को विशेष चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी। ये कैंप उन परिवारों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होंगे, जिनके पास नियमित स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सीमित है। डायरेक्टर के अनुसार इस विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के सफल क्रियान्वयन के बाद ये कैंप प्रदेश के सभी नगर निगम क्षेत्रों के मलिन बस्ती में भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे की वहां रहने वाले लोग लाभान्वित होंगे, इन कैंप का आयोजन दून नगर निगम के वार्ड में किया जाएगा। हर कैंप में स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम मौजूद होगी, जो विभिन्न बीमारियों की जांच और उपचार करेंगे, शुरुआत 18 दिसंबर को दून के संजय कॉलोनी से होगी, इसके बाद 23 को डीएल रोड, 28 को चुक्खूवाला, 2 जनवरी को बिंदाल बस्ती के साथ ही आखिर में 27 फरवरी को नकरौंदा में आयोजित किए जाएंगे।
