उत्तराखंड (देहरादून) 12 नवंबर 2026: उत्तराखंड में शासन स्तर पर एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने 30 IAS और PCS अधिकारियों की तैनाती एवं कार्यभार में बदलाव करते हुए कई महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। 11 नवंबर 2026 को कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी स्थानांतरण एवं तैनाती आदेश के तहत 10 IAS और 20 PCS अधिकारियों के पदभार में बदलाव किया गया है।
इस फेरबदल का असर देहरादून, हल्द्वानी, काशीपुर, रुड़की, अल्मोड़ा, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और अन्य जिलों की प्रशासनिक व्यवस्था पर दिखाई देगा।
IAS अधिकारियों में अभिनव शाह को मुख्य विकास अधिकारी देहरादून के पद से हटाकर अपर सचिव पर्यटन एवं अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पर्यटन विकास परिषद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं दीपक सैनी को मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ से मुख्य विकास अधिकारी देहरादून बनाया गया है। प्रवीण कुमार को अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय से मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अनामिका को मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा नियुक्त किया गया है।
आरिश्मा गोयल को संयुक्त मजिस्ट्रेट ऊधमसिंह नगर से नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी बनाया गया है। दीपक रामचन्द्र सेठ को संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की से मुख्य विकास अधिकारी चमोली और राहुल आनंद को संयुक्त मजिस्ट्रेट देहरादून से मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं गौरी प्रभात को संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी से रुड़की और दीक्षिता जोशी को संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत से काशीपुर भेजा गया है। IAS अधिकारी निधि यादव के कार्यभार में भी बदलाव करते हुए उनसे निदेशक पंचायती राज का पदभार वापस लिया गया है।
PCS अधिकारियों में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। जीवन सिंह नगन्याल को अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल से आयुक्त गन्ना-चीनी, काशीपुर तथा प्रधान प्रबंधक शुगर मिल किच्छा की जिम्मेदारी दी गई है। त्रिलोक सिंह मर्तोलिया को आयुक्त गन्ना-चीनी एवं प्रधान प्रबंधक शुगर मिल किच्छा से अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल बनाया गया है।
अभिषेक त्रिपाठी को मुख्य विकास अधिकारी चमोली से निदेशक पंचायती राज निदेशालय देहरादून और रामजी शरण शर्मा को मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा से अपर निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एजेंसी (ITDA), देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। जय भारत सिंह को मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी से अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय बनाया गया है।
श्याम सिंह राणा को अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से अपर नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून भेजा गया है। नारायण सिंह नबियाल को अपर जिलाधिकारी बागेश्वर से अपर जिलाधिकारी चमोली बनाया गया है, जबकि विवेक प्रकाश को अपर जिलाधिकारी चमोली से अपर आयुक्त गन्ना-चीनी एवं प्रधान प्रबंधक शुगर मिल किच्छा की जिम्मेदारी दी गई है।
हरिद्वार में कुंभ मेला प्रबंधन से जुड़े पदों पर भी बदलाव हुआ है। पंकज कुमार उपाध्याय को ऊधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नजूल) एवं जिला विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त प्रभार से हटाकर अपर मेलाधिकारी, कुंभ मेला हरिद्वार बनाया गया है। गोपाल राम बिनवाल को नगर आयुक्त रुड़की से उप मेलाधिकारी, कुंभ मेला हरिद्वार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ऊधमसिंह नगर जिले में भी प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। कौस्तुभ मिश्रा को अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), ऊधमसिंह नगर एवं सक्षम प्राधिकारी भूमि अध्याप्ति (CALA) के अतिरिक्त प्रभार से उप निदेशक मंडी परिषद, रुद्रपुर भेजा गया है। निर्मला बिष्ट को उप निदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर एवं उप सचिव मुख्यमंत्री के पदभार से हटाकर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नजूल), ऊधमसिंह नगर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विनोद कुमार को डिप्टी कलेक्टर देहरादून से अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), ऊधमसिंह नगर तथा जिला विकास प्राधिकरण के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
देहरादून और हरिद्वार में भी महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव हुआ है। जितेन्द्र कुमार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), हरिद्वार से अपर जिलाधिकारी देहरादून एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी/CALA बनाया गया है। स्मृता परमार को अपर जिलाधिकारी देहरादून एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी/CALA से नगर आयुक्त नगर निगम रुड़की की जिम्मेदारी दी गई है।
नगर निकायों में हुए बदलाव के तहत रविन्द्र सिंह बिष्ट को नगर आयुक्त काशीपुर से अपर जिलाधिकारी बागेश्वर बनाया गया है। नुपुर वर्मा को डिप्टी कलेक्टर पौड़ी से नगर आयुक्त नगर निगम रुद्रपुर, परितोष वर्मा को नगर आयुक्त हल्द्वानी से नगर आयुक्त काशीपुर और कमलेश मेहता को डिप्टी कलेक्टर टिहरी से अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं तीर्थपाल सिंह से अपर निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एजेंसी (ITDA) का अतिरिक्त कार्यभार वापस लिया गया है।