उत्तराखंड (देहरादून) 13 नवंबर 2026: उत्तराखंड की माटी, संस्कृति और पहाड़ के गांवों की बदलती तस्वीर को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने वाली हिंदी फिल्म ‘पायर’ (Pyre) को प्रदेश में प्रोत्साहित करने की मांग उठी है। फिल्म को उत्तराखंड के अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने और इसे सिनेमाघरों में पर्याप्त स्क्रीन एवं शो उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड क्रांति दल ने पहल की है।
इस संबंध में आज उत्तराखंड क्रांति दल के प्रतिनिधियों ने सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने फिल्म के प्रदर्शन के लिए प्रदेश के सिनेमाघरों में पर्याप्त स्क्रीन और शो उपलब्ध कराने के साथ ही इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की मांग की।
यूकेडी प्रतिनिधियों ने कहा कि फिल्म ‘पायर’ उत्तराखंड के पलायन और तेजी से खाली होते गांवों की गंभीर सामाजिक वास्तविकता को प्रभावशाली ढंग से सामने लाती है। यह फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि पहाड़ के जनजीवन, सामाजिक परिस्थितियों और गांवों से जुड़ी भावनाओं को समझने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
यूकेडी ने सूचना महानिदेशक से आग्रह किया कि प्रदेश सरकार मल्टीप्लेक्स संचालकों और सिनेमाघर मालिकों के साथ वार्ता कर फिल्म को पर्याप्त स्क्रीन और शो उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करे। साथ ही सरकारी स्तर पर फिल्म का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, जिससे प्रदेश के अधिक से अधिक लोग इस फिल्म को देख सकें।
