उत्तराखंड (हरिद्वार) 15 जनवरी 2026: भगवानपुर-इमलीखेड़ा मार्ग पर शनिवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि तीसरे युवक की हालत गंभीर है। ओवरटेक करते समय ट्रक की चपेट में आने से हादसा हुआ था। हादसे के बाद आरोपित चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेने के साथ ही घायल को रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के मुताबिक बाइक सवार तीन युवक भगवानपुर से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। जैसे ही इनकी बाइक भगवानपुर बाईपास मार्ग पर बेडपुर चौक के समीप ईट भट्टे के पास पहुंची तो इन्होंने ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी चक्कर मे उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में बाइक सवार शिवम (28) और सूरज (26) निवासी बनारस हाल निवासी भगवानपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन यादव (25) निवासी बनारस हाल निवासी भगवानपुर गंभीर रूप से घायल हो गया।
