उत्तराखंड (रुड़की) 9 अक्टूबर 2025: खुद को सैन्यकर्मी बताकर सैन्य क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा युवक सेना और स्थानीय खुफिया इकाई (एलआइयू) के हत्थे चढ़ा है। पुलिस और खुफिया विभाग की टीम उससे पूछताछ कर रही है। वह आठ महीने से शहर में किराये के कमरे में रह रहा था। उसके कमरे से सेना की पुरानी वर्दी, नेम प्लेट, सेना के लोवर डिविजन क्लर्क (एलडीसी) का फर्जी ज्वानिंग लेटर, 18 एटीएम कार्ड मिले हैं। इंटरनेट मीडिया पर भी उसके कई फोटो अपलोड हैं।
सेना की इंटेलीजेंस और एलआइयू की टीम को बुधवार को सूचना मिली थी कि सैन्य क्षेत्र के आसपास एक युवक घूम रहा है। उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया तो कई अहम जानकारियां सामने आईं। उसने बताया कि वह राजस्थान के सीकर जिले का रहने वाला है। वह आदर्शनगर में करीब दो वर्ष पहले भी किराये के मकान में रहा था। उसकी शहर के कई लोगों से दोस्ती भी है। हालांकि अभी इस बात का पता नहीं चल पाया है कि उसकी मंशा क्या थी।
