उत्तराखंड (ऋषिकेश) 9 अक्टूबर 2025: श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय टिहरी के छात्र महासंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के अमित काला विजयी रहे। अध्यक्ष समेत पांचों पदों पर एबीवीपी के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। महासंघ में एनएसयूआइ का सूपड़ासाफ हो गया है। चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद एबीवीपी ने जश्न मनाया।
बुधवार को विवि के ऋषिकेश परिसर में हुए विवि छात्र महासंघ के चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के अमित काला (पीजी कालेज कोटद्वार) को 33 व एनएसयूआइ के मोहित कुमार जेठवान (पं. शिवराम पीजी कालेज त्यूणी) को 12 वोट मिले। अध्यक्ष पद पर अमित ने 21 वोटों से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की अनीता (पीजी कालेज मालदेवता रायपुर) को 34 व एनएसयूआइ के रितिक कुमार को 11 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर अनीता ने 23 वोटों से जीत दर्ज की। महासचिव पर एबीवीपी के आदित्य सिंह भंडारी (पीजी कालेज नरेंद्रनगर) को 35, निर्दलीय प्रत्याशी रोहित राम (ऋषिकेश परिसर) को 8 व एनएसयूआइ के सुनील सिंह को 4 वोट मिले। आदित्य ने अपने प्रतिद्वंदी रोहित को 27 वोटो से हराया। सचिव पद पर एबीवीपी के अभिषेक (पीजी कालेज पुरोला) निर्विरोध निर्वाचित हुए। कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के आर्यन (चिन्यालीसौड़ उत्तरकाशी) को 35 व एनएसयूआइ की टीषा को 11 वोट मिले। आर्यन ने अपने प्रतिद्वंदी को 24 वोटो से हराया। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. वीके गुप्ता ने बुधवार शाम मतगणना समाप्त होते ही चुनावी परिणाम घोषित किए।
