विगत वर्ष 46885 चालानों के सापेक्ष इस साल अब 62509 वाहनों के चालान काटे
उत्तराखंड (देहरादून) 10 सितंबर 2025: नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग की तरफ से काटे जाने वाले चालान की संख्या में इजाफा हुआ है।
मंगलवार को विभागीय बैठक में यह तथ्य समीक्षा के दौरान प्रकाश में आया। अधिकारियों ने बताया कि देहरादून संभाग के अन्तर्गत प्रवर्तन अधिकारियों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में माह अगस्त तक किये गये प्रवर्तन कार्यों की डॉ. अनीता चमोला संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) द्वारा समीक्षा की। जिसमें विगत वर्ष 46885 चालानों के सापेक्ष इस वर्ष 62509 वाहनों के चालान किये गये। विगत वर्ष की तुलना में चालानों में 33 प्रतिशत की वृद्धि हुयी है। विगत वर्ष 2712 बन्द वाहनों के सापेक्ष इस वर्ष 3377 वाहनें बन्द किये गये। बन्द वाहनों की संख्या में 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बन्द और चालान वाहनों में वृद्धि के कारण विगत वर्ष में प्राप्त प्रशमन शुल्क में 7.75 करोड़ रुपये के सापेक्ष इस वर्ष 9.52 करोड़ रुपये प्रशमन शुल्क प्राप्त हुआ।
बन्द वाहनों में ऋषिकेश में 54.67 प्रतिशत वृद्धि एवं प्रशमन शुल्क में सर्वाधिक वृद्धि ऋषिकेश में 70 प्रतिशत रही। बैठक में सभी एआरटीओ, प्रवर्तन, टास्क फोर्स, इंटरसेप्टर में तैनात सभी प्रवर्तन अधिकारियों को सुनियोजित कार्ययोजना बनाते हुए आगामी माहों में प्रभावी प्रवर्तन कार्यवायी के लिये निर्देश दिये गये।
बैठक में रश्मि पन्त एआरटीओ (प्रवर्तन) ऋषिकेश, अनिल नेगी प्रभारी एआरटीओ (प्रवर्तन) विकासनगर, कृष्ण चन्द्र पलाड़िया प्रभारी एआरटीओ (प्रवर्तन) रुड़की, नेहा झा प्रभारी एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिद्वार ने भाग लिया।
