उत्तराखंड (देहरादून) 10 सितंबर 2025: राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम अंतर्गत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नगर निगम देहरादून को 17.17 अंकों के साथ देशभर में 19वां स्थान मिला है। इस सर्वेक्षण के परिणाम मंगलवार को घोषित किए गए। पिछले वर्ष नगर निगम देहरादून 12.65 अंकों के साथ 37वें स्थान पर था। इस हिसाब से देखा जाए तो पिछले कुछ महीनों में नगर निगम देहरादून ने वायु गुणवत्ता सुधार की दिशा में बेहतर कदम उठाए हैं।
वायु की गुणवत्ता में सुधार के लिये नगर निगम देहरादून द्वारा पिछले छह से आठ माह में विभिन्न प्रयास किये गए, जिनमें विभिन्न पार्कों का निर्माण, वृहद रूप से नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत एक लाख पौधों का रोपण, साइकिल ट्रैक का निर्माण, सड़कों के दोनों ओर धूल के कणों को उड़ने से बचाने के लिए पटरियों का निर्माण, फुटपाथ का निर्माण, संकरी गलियों के घरों से कूड़ा उठाने के लिए 15 ई-ऑटो टिपर वाहन क्रय किया जाना, गीला कचरे से खाद बनाने के लिए 10 कम्पोस्ट मशीन क्रय करने के साथ ही जन जागरण के लिए जागरूकता कार्यक्रम और शहर की सभी सड़कों पर धूल के कणों को कम करने के लिए निरंतर वाटर स्प्रिंकल मशीन से पानी का छिड़काव आदि कदम भी शामिल हैं।
नगर निगम के मेयर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामी बंसल का कहना है कि वायु गुणवत्ता में आगामी वर्ष नगर निगम देहरादून को शीर्ष पांच स्थानों में शामिल करने ‘की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
