उत्तराखंड (देहरादून) 28 अगस्त 2025: उत्तराखंड जैविक उत्पाद परिषद अब राज्य में जैविक खेती के साथ ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी कार्य करेगा। कृषि मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई परिषद की 26वीं बोर्ड बैठक में यह निर्णय लिया गया। यह भी तय किया गया कि जैविक व प्राकृतिक कृषि उत्पादों की उचित दर पर बिक्री के दृष्टिगत प्रदेश के चुनिंदा स्थानों पर मंडियों की स्थापना की जाएंगी। ये राष्ट्रीय ई-बाजार की तर्ज पर संचालित की जाएंगी।
रिंग रोड स्थित किसान भवन में हुई परिषद की बैठक में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद स्वीकृति दी गई। इसी क्रम में उत्तराखंड जैविक उत्पाद परिषद का नाम बदलकर उत्तराखंड जैविक एवं प्राकृतिक उत्पाद परिषद करने पर सहमति दी गई।
इस अवसर पर परिषद के उपाध्यक्ष भूपेश कुमार, मनोनीत सदस्य निरंजन डोभाल, गिरीश बलूनी सहित कृषि, उद्यान, रेशम, सगंध पौधा केंद्र, जड़ी बूटी केंद्र, पंतनगर विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
