उत्तराखंड (देहरादून) 25 अगस्त 2025: ठगी के एक मामले में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने डीजीपी को पत्र लिखकर कार्रवाई को कहा है।
पत्र के अनुसार, एक व्यक्ति ने खुद को मंत्री का खास व कंपनी का मालिक बताकर कई लोगों से 50 करोड़ रुपये की ठगी की। इसके बाद व्यक्ति ने पीड़ितों से संपर्क करना बंद कर दिया। आरोप है कि अंकित सिंह नाम के व्यक्ति ने जमीन बेचकर उसमें फैक्ट्री लगाकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। आरोपित ने मुनाफे के रूप में हर माह छह लाख रुपये देने का वादा किया, लेकिन वह रकम लेकर भाग गया। सांसद की ओर से डीजीपी को पत्र लिखने के बाद पुलिस विभाग में हलचल पैदा हो गई है। रविवार को सीओ सदर अंकित कंडारी ने पीड़ित जगदीश प्रसाद बहुगुणा के बयान दर्ज किए। सोमवार को उन्हें बैंकों की ट्रांजेक्शन देने को कहा गया है। उधर, एसएसपी अजय सिंह का कहना है कि सीओ अंकित कंडारी को विवेचना सौंपी गई है। सीओ की ओर से कुछ शिकायतकर्ताओं को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए हैं।
