उत्तराखंड (देहरादून) 13 अगस्त 2025: कांग्रेस कार्य कर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट से राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में बीते दिन आई आपदा से मलिन बस्तियों में जिन लोगों की जनधन की हानि हुई है उन्हें अविलम्ब मदद करने और मुआवजा दिये जाने की मांग की है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट से मिला और उनको एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि बीते रोज रिस्पना नदी व बिन्दाल नदी में बरसात के – कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया था, जिसमें प्रमुख नदियां रिस्पना व बिन्दाल नदी उफान पर आ गयी, जिससे नदी के किनारे के पुश्ते बह गये और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गये। इसके साथ बरसात का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों के घरों का सारा सामान खराब हो गया। ज्ञापन में कहा गया है कि लोगों के बिस्तर पलंग, टीवी, खाद्य सामाग्री नष्ट हो गयी। लोगों के खाने पीने की काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कई स्थानों जिसमें नई बस्ती बलबीर रोड़, मोहिनी रोड़, तेग बहादुर रोड़, पूरन बस्ती रायपुर रोड़, डी एल रोड के आस पास की मलिन बस्तियां शामिल हैं। ज्ञापन में कहा है कि महात्मा गांधी बस्ती, चन्दर रोड़, नेगी रोड, संजय कालोनी, आर्यनगर, नदी रिस्पना में व बिन्दाल नदी, विजय कालोनी से आगे, चुक्खुवाला, बिन्दाल पुल, कांवली रोड़, गांधी ग्राम, वार्ड नंबर 33 गोविन्द गढ़, के किनारे सभी मलीन बस्तियों में भारी नुकसान हुआ है। ज्ञापन देने वालों में पूर्व विधायक राजकुमार, पार्षद अर्जुन सोनकर, निखिल कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।
