उत्तराखंड (देहरादून) 13 अगस्त 2025: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को देहरादून में अतिवृष्टि से प्रभावित मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आर्य नगर, दून विहार, विलासपुर कांडली, अमन विहार और राजपुर स्थित खाला गांव का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री जोशी ने अमन विहार में बरसाती नाले पर पुल निर्माण कार्य और राजपुर स्थित खाला गांव में चेक डेम निर्माण को प्राथमिकता पर पूर्ण करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों को दिए। मंत्री जोशी ने विलासपुर कांडली में अतिवृष्टि से महेंद्र गुरुंग, चुन्नी लाल, महेश प्रसाद और मोनिका के घरों में दरारें एवं पुश्ता और आंगन क्षतिग्रस्त होने पर शीघ्र आपदा मानकों के अनुसार इस्टीमेट तैयार करने के अधिकारियों को निर्देश भी दिए। कैबिनेट मंत्री ने प्रभावित परिवारों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि सरकार हर समय उनके साथ खड़ी है। उन्होंने मौके पर ही 30 से अधिक प्रभावितों को आंशिक नुकसान के तात्कालिक सहायता राशि के चेक और राहत सामग्री की किट प्रदान की।
इस अवसर पर सुरेंद्र राणा, पार्षद योगेश घाघट, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, प्रदीप रावत, निरंजन डोभाल, वंदना ठाकुर, संजय नौटियाल, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी जितेंद्र त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
