उत्तराखंड (देहरादून) 15 जून 2025: शनिवार की शाम किसी अज्ञात शख्स ने कैलाश अस्पताल की ईमेल आईडी पर मेल भेजकर अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी दी है। धमकी के बाद हरकत में आई पुलिस, बम व डॉग स्क्वायड ने अस्पताल की पूरी तरह से छानबीन की। अस्पताल की गाजियाबाद शाखा को भी ऐसी धमकी मिली है।
पुलिस के अनुसार आज देर शाम कैलाश अस्पताल के ईमेल आईडी पर किसी अज्ञात शख्स ने धमकी भरा मेल भेजा। मेल मे अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिस पर पुलिस टीम तत्काल एसओजी टीम, बम स्क्वायड व डग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची और प्रत्येक वार्ड, ओपीडी, बेसमेंट, पार्किंग व अन्य संवेदनशील स्थानों की सघन चेकिंग की। चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अस्पताल प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बढ़ाए जाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। यह भी पता चला है कि कैलाश अस्पताल की अन्य शाखाओं गाजियाबाद आदि को भी इसी प्रकार के धमकी भरे ईमेल भेजे गए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच लगातार जारी है। दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर यान न दें। कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
