उत्तराखंड (देहरादून) 15 जून 2025: दून में सैलून चलाने वाली एक युवती को शादी का झांसा देकर उससे दुराचार किया गया। गर्भवती होने पर आरोपित युवक ने उसका गर्भपात करवा दिया। युवती की अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने के साथ ही उससे रकम भी ऐंठी गई। पीड़िता की शिकायत पर – पटेलनगर पुलिस ने आरोपित युवक और उसकी दो बहनों को नामजद किया है।
कांवली जीएमएस रोड की रहने वाली युवती ने पटेलनगर पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि वह एक सैलून चलाती है। मौहम्मद सउद निवासी निराना मुजफ्फरनगर ने उससे इंस्टाग्राम में बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे उससे दोस्ती कर विवाह का प्रस्ताव भी दिया। जिसे उसने स्वीकार कर लिया था। शादी का झांसा देकर सउद ने उससे शारीरिक संबंध बना लिए और उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगा। इस दौरान आरोपित ने उससे 8,19,079 रुपए भी ठग लिए। जिसमें से केवल तीन लाख रुपए वापस किए। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। इसके बाद भी उसने बहाने बनाकर शादी करने से इनकार कर दिया। सउद ने उसे गर्भनिरोधक दवाएँ खिलाई, जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई।
आरोपित उसे सिनर्जी अस्पताल ले गया, जहां उसका उपचार किया गया। उसने आरोपित से फिर शादी की बात की तो उसने गाली गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने उसकी दो सगी बहनों अर्शिका व अलीजा से बात की तो उन्होंने भी उसे डराया धमकाया। आरोपित उसकी अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी भी दे रहा है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को नामजद कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
