मालदेवता डिग्री कालेज के भवन निर्माण को 30 करोड़ मिले
उत्तराखंड (देहरादून) 18 अप्रैल 2025: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभमुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने किया। उन्होंने महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए 30 करोड़ रुपये देने व जल्द भवन निर्माण का शिलान्यास करने की घोषणा की। कहा कि मालदेवता महाविद्यालय को माडल कालेज के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, विशिष्ट अतिथि रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि पर्वतीय भाग से सटा हुआ यह महाविद्यालय उच्च शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं का सपना साकार कर रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वीपी अग्रवाल ने कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों की वर्ष भर की उपलब्धियों का उत्सव होता है। इस अवसर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं परिधि रावत, सक्षम शर्मा, मुस्कान, पूजा व पूजा प्रताप को सम्मानित किया गया। जबकि अंतर संकाय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर गृह विज्ञान संकाय की टीम रही। कला संकाय दूसरे व विज्ञान संकाय की टीम तीसरे स्थान पर रही। इस मौके पर उज्ज्वल सिंह नेगी, किशन सिंह नेगी, प्रो. महेंद्र सिंह पंवार, डा. पूजा कुकरेती, प्रो. ज्योति खरे, प्रो. सविता वर्मा, प्रो. जीसी डंगवाल मौजूद रहे।
