उत्तराखंड (टनकपुर) 4 अप्रैल 2025: पड़ोसी देश नेपाल के गड्डा चौकी होते हुए अवैध रूप से भारत की सीमा पर घुसने का प्रयास करती चीन की एक महिला को भारतीय एजेंसियों ने दबोच लिया। चीनी महिला के पास वीजा नहीं था। सीमा पर पुलिस व विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने पूछताछ के बाद महिला को वापस भेज दिया।
सीमा पर गश्त के दौरान एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) 57वीं वाहिनी का दल बनबसा के निकट भारत-नेपाल चेकपोस्ट के पास जांच कर रहा था। इसी दौरान नेपाल से भारत की ओर आ रही चीनी महिला यात्री यांग के दस्तावेजों की जांच की गई। दस्तावेजों के बगैर भारत में घुसने का प्रयास करने पर चीनी महिला से पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद चीनी महिला को भारतीय अप्रवासन विभाग (इमीग्रेशन) को सौंप दिया गया। पुलिस अधीक्षक चम्पावत अजय गणपति ने बताया कि चार विदेशी नागरिक नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश कर रहे थे। दस्तावेजों की जांच पर तीन के कागजात सही पाए गए, उन्हें भारत में आने की इजाजत दे दी गई, जबकि एक चीनी महिला के पास भारत का वीजा नहीं था। चीनी महिला के पास चीन का पासपोर्ट और नेपाल का पर्यटक वीजा था। यह दोनों दस्तावेज वैध थे। लेकिन भारतीय वीजा नहीं था। पुलिस, एसएसबी, इमिग्रेशन और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने जांच की। अलबत्ता पूछताछ में कोई संदिग्धता नहीं मिली। इसके बाद चीनी महिला को नेपाल के आर्ड पुलिस फोर्स के सुपुर्द कर दिया गया।
