उत्तराखंड (टनकपुर) 27 मार्च 2025 : जनपद चम्पावत के प्रवेश द्वार बनबसा के निकट जंगल में चारापत्ती लेने गई एक महिला को तेदुए ने हमला कर अपना निवाला बना डाला।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक चंपावत जिले के प्रवेश द्वार बनबसा के पास देवापुरा गांव की विरमा देवी (45) पत्नी उदय चंद कुछ महिलाओं के साथ बुधवार को मझगांव के जंगल में घास लेने गई थी। इसी दौरान एका एक तेदुए ने विरमा देवी पर हमला कर दिया। हमला इतनी तेजी से हुआ कि साथ गई महिलाओं को बचाव करने का मौका भी नहीं मिल सका। तेंदुए के हमले से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पंचनामा भरने के बाद मृतक का टनकपुर उप जिला अस्पताल में पोस्टमा्टम किया । ग्रामीणों के मुताबिक विरमा देवी के बच्चे नहीं हैं। विरमा और उनके पति उदय देवीपुरा में अपने घर में अकेले रहते थें।
वारदात की जानकारी के बाद खटीमा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी मौके पर और अस्पताल पहुंचे। प्रशासन का कहना है कि मृतक के परिजनों को जल्द ही नियमानुसार राहत राशि प्रदान की जाएगी। वहीं क्षेत्र के लोगों ने पिंजरा लगाने सहित बचाव के उपाय करने का आग्रह किया है।
