उत्तराखंड (देहरादून) 16 जुलाई 2026: दिल्ली पब्लिक स्कूल, देहरादून में इको क्लब के तत्वावधान में उत्तराखंड का लोकपर्व हरेला एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली एवं सतत् विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत अपनी माताओं के सम्मान एवं प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। इस पहल के माध्यम से सभी ने पर्यावरण संरक्षण तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। मधुर गीतों, मनमोहक नृत्यों एवं विषय-आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने संदेश दिया कि यह पर्व वर्षा ऋतु के आगमन, प्रकृति के प्रति सम्मान तथा वृक्षों एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व का प्रतीक है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बी. के. सिंह ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण एवं संवर्धन करने तथा अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने इको क्लब द्वारा आयोजित इस सार्थक पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जैसे अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान की भावना को भी सशक्त बनाते हैं।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा प्रकृति के संरक्षण, अधिकाधिक वृक्षारोपण तथा स्वच्छ, हरित एवं सतत् भविष्य के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेकर किया गया।
