उत्तराखंड (देहरादून) 9 मई 2026: राजधानी देहरादून में देर रात एक युवक के साथ मारपीट और लूटपाट की गंभीर घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, आईटी पार्क क्षेत्र से ड्यूटी कर घर लौट रहे 23 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कुछ अज्ञात लोगों ने सहस्त्रधारा क्रॉसिंग के पास रोक लिया।
बताया जा रहा है कि युवक के साथ मारपीट की गई और उसके पास मौजूद मोबाइल फोन, बैग व नकदी छीन ली गई। इसके बाद आरोपियों ने उसे जामुनवाला क्षेत्र के पुल के पास नीचे फेंक दिया। घायल युवक रातभर वहीं पड़ा रहा और सुबह स्थानीय लोगों तथा सैन्य जवानों की मदद से उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए पहुंचाया गया।
घटना में युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसमें रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है। मामले की सूचना मिलने के बाद देहरादून पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
