उत्तराखंड (नैनीताल) 4 मई 2026: जनपद नैनीताल के पाइनस क्षेत्र के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक महिंद्रा थार वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, वाहन संख्या RJ60CG4574 कैंची धाम से नैनीताल की ओर आ रहा था। इसी दौरान लगभग 13:10 बजे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 से 60 मीटर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में जयपुर (राजस्थान) निवासी राहुल, अरविंद समेत कुल तीन लोग सवार थे। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही SDRF टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। कठिन परिस्थितियों के बीच टीम ने तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि एक को मामूली चोटें आई हैं।
रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए बी.डी. पांडे अस्पताल, नैनीताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
