उत्तराखंड (पौड़ी) 3 अप्रैल 2026: जिला मुख्यालय के जेल गदेरा क्षेत्र में गुरुवार को एक नाई और स्थानीय युवक के बीच कहासुनी के बाद विवाद हिंसक हो गया। विवाद के दौरान नाई की दुकान चलाने वाले युवक ने कैंची से हमला कर दिया, जिससे दूसरे युवक के कान के पास गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घायल युवक के समर्थन में लोग बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ ने बाद में आरोपी की दुकान में तोड़फोड़ भी कर दी, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
स्थिति को देखते हुए आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: अब्दुल राऊफ (61 वर्ष) पुत्र शफीक अहमद,
मुज्जमिल (51 वर्ष) पुत्र शफीक अहमद, मो. जायद (18 वर्ष) पुत्र मुज्जमिल, मो. आकिफ (23 वर्ष) पुत्र अब्दुल राऊफ,
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
