उत्तराखंड (मसूरी) 1 अप्रैल 2026: मसूरी में अवैध निर्माण के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कैमल्स बैंक रोड स्थित एक भवन को सील कर दिया। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कार्य पाए जाने पर प्राधिकरण की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और भवन पर सीलिंग की कार्रवाई की। एमडीडीए के अनुसार, कैमल्स बैंक रोड पर वेलमाउंट काटेज के पास, चाह इन्दारा जुबली के पीछे रेनू सिंह द्वारा बिना अनुमति निर्माण कराया जा रहा था। शिकायत और नियमित निरीक्षण में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अजय मलिक, संबंधित सुपरवाइजर व पुलिस बल मौजूद रहा। प्राधिकरण टीम ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण भी किया और स्थानीय लोगों को बिना अनुमति निर्माण न करने की चेतावनी दी। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मसूरी जैसे संवेदनशील क्षेत्र में बिना स्वीकृति निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जहां भी अवैध निर्माण मिलेगा, वहां सीलिंग और आवश्यकता पड़ने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। तिवारी ने कहा कि कि शिकायतों और फील्ड निरीक्षण के आधार पर नियमित अभियान चलाया जा रहा है।
