उत्तराखंड (देहरादून) 1 अप्रैल 2026: वित्तीय वर्ष 2025-26 में वसूली के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार करीब 60 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह किया है। हालांकि, निगम निर्धारित लक्ष्य से कुछ पीछे रह गया, लेकिन पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब आठ करोड़ रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ, जो निगम की कार्यप्रणाली में सुधार का संकेत है।
मंगलवार को वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन निगम कार्यालय देर शाम तक खुला रहा और करदाताओं में कर जमा करने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। एक ही दिन में लगभग 38 लाख रुपये आफलाइन और करीब 50 लाख रुपये आनलाइन जमा किए गए। 20 प्रतिशत छूट को ध्यान में रखते हुए 75 करोड़ का लक्ष्य तय किया था, लेकिन यह लक्ष्य पूरी तरह हासिल नहीं हो सका। अब एक अप्रैल से करदाताओं को यह छूट नहीं मिलेगी, वहीं बकायेदारों पर 12 प्रतिशत की पेनाल्टी भी लागू कर दी जाएगी। कर अधीक्षक राहुल कैथोला के अनुसार, निगम के कर अनुभाग का साफ्टवेयर 10 अप्रैल तक अपडेट किया जाएगा। इस अवधि में कर जमा करने की सुविधा अस्थायी रूप से बंद रहेगी। नगर आयुक्त नमामी बंसल ने अधिकारियों को वर्षभर कर वसूली के निर्देश दिए हैं।
