उत्तराखंड (रुड़की) के 31 मार्च 2026: रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब आइसक्रीम खाने आई एक महिला के साथ दो मनचलों ने कथित तौर पर छेड़छाड़ कर दी।
बताया जा रहा है कि महिला के पति ने जब इस हरकत का विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और गुस्साई भीड़ ने दोनों मनचलों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भीड़ एक युवक की पिटाई करती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे को लोगों ने पकड़ रखा है और वह भागने की कोशिश करता नजर आ रहा है।
इस मामले में शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात ने बताया कि महिला से छेड़छाड़ और उसके पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
