उत्तराखंड (देहरादून) 16 मार्च 2026: उत्तराखंड में देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित चूना भट्ठा के एक पुराने खंडहर में 28 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतका का नाम शिवानी बताया गया, जो पिछले तीन दिनों से लापता थी। परिजनों के अनुसार, महिला और उसका पति दोनों नशे के आदी थे। महिला शिवानी का दो साल बेटा है। महिला की एक छोटी बहन है, जो उसके बच्चे का पालन पोषण कर रही है। पिता स्कूल का ऑटो चलाता है। महिला का पति भी नशे का लती है, वर्तमान में गाजियाबाद के एक नशा मुक्ति केंद्र में उसका इलाज चल रहा है। महिला की मां ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि क्षेत्र में धड़ल्ले से बिक रही स्मैक की सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उनकी बेटी की जान गई। पुलिस को अंदेशा है कि मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है, हालांकि शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध बना हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।
