उत्तराखंड (हरिद्वार) 15 मार्च 2026: आनलाइन ट्रेडिंग में पैसे लगाकर घर बैठे मुनाफा कमाने का लालच देकर भीमगोड़ा निवासी कारोबारी से 15.89 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। कारोबारी की खड़खड़ी में मिठाई की दुकान है। पीड़ित ने अज्ञात, साइबर ठगों के खिलाफ नगर कोतवाली में तहरीर में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, अंकन जैन निवासी राम रट्टो भवन, भीमगोड़ा ने बताया कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने फोन के माध्यम से संपर्क कर आनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कराने का झांसा दिया। आरोपितों ने अलग अलग बैंक खातों में कई बार में रकम ट्रांसफर करा ली। उसके एसबीआइ खाते से 19 जनवरी को आइएमपीएस के माध्यम से एक खाते में 18,951 रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद 20 जनवरी को एक अन्य खाते में 43,892 रुपये डलवाए गए। इसी तरह पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 20 जनवरी को एनईएफटी के माध्यम से 69,002 रुपये और 1,28,978 रुपये ट्रांसफर कराए गए। 21 जनवरी को एक अन्य खाते में 1.90 लाख रुपये डलवाए गए। इसके बाद 22 जनवरी को आरटीजीएस के माध्यम से 3.19 लाख और 23 जनवरी को 8.19 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। इस प्रकार अलग-अलग माध्यमों से कुल 15.89 लाख रुपये की रकम ठग ली गई। ठगी का पता चलने पर उसने मामले की शिकायत साइबर सेल हरिद्वार में दर्ज कराई। शहर कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
