उत्तराखंड (देहरादून) 04 मार्च 2026: होली पर सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर आरटीओ प्रवर्तन की टीम कार्रवाई करेगी। देहरादून, ऋषिकेश, विकासनगर में आठ टीमें गठित की गई है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे से भी चालान किए जाएंगे। सीमाओं के चेकपोस्ट पर सिपाही तैनात किए जाएंगे।
आरटीओ प्रवर्तन डा. अनीता चमोला ने बताया कि होली पर भी सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शराबी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई को विशेष एल्कोहल जांच टीम गठित की गई है। जबकि तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई को स्पीड रडारगन टीम बनाई गई है। इसके अलावा बाइक स्क्वाइड टीम को विभिन्न रूटों पर उतारा जाएगा। वाहन चालकों से यातायात नियमों का अनुपालन करने की अपील की गई है। बावजूद नियम कानून तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग वाहन चालक के पकड़े जाने पर स्वजनों पर अभियोग पंजीकृत किए जाएंगे।
