उत्तराखंड (देहरादून) 04 मार्च 2026: दूसरे की जमीन दिखाकर आरोपितों ने महिला से 6.50 लाख रुपये की ठगी की है। इस मामले में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने दो आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी तहरीर में रेशमा, निवासी पुष्पांजलि बार्लोगंज मसूरी ने बताया कि वर्ष 2023-24 में वह देहरादून में जमीन खरीदना चाहती थी। इस बात की जानकारी केनी जैन, निवासी हरिकुंज विजय पार्क व प्रिंस बोकाडिया, निवासी माजरा शिमला बाईपास को लगी तो उन्होंने खुद को प्रापर्टी डीलर बताते हुए उन्हें धर्मपुर में एक प्लाट होने की बात कही।
शिकायतकर्ता ने बताया कि आठ फरवरी 2024 को विक्रय अनुबंध पत्र निष्पादित किया गया, जो कि पूरी तरह से फर्जी था, क्योंकि जमीन पहले ही आरोपित दूसरी पार्टी को बेच चुके थे। जमीन के एवज में आरोपितों ने उनसे विभिन्न तिथियों में 6.50 लाख रुपये ले लिए। महिला ने बताया कि जब उन्होंने रजिस्ट्री कराने की बात कही तो वह आनाकानी करने लगे।
उन्होंने कहा कि आरोपितों ने आज तक न तो धनराशि वापस की और न ही जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम कराई। धनराशि ऋण पर लेने के कारण वह आज भी ब्याज अदा कर रही हैं. जिससे उन्हें आर्थिक क्षति, मानसिक प्रताड़ना एवं सामाजिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
