उत्तराखंड (देहरादून) 20 फरवरी 2026: राजधानी के अजबपुर खुर्द क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। सड़क पर खड़ी स्कूटी हटाने को कहने पर आरोपितों ने घर में घुसकर हमला कर दिया, तोड़फोड़ की और एक व्यक्ति की टांग तोड़ दी। घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अजबपुर के गणेश विहार निवासी अमित चौहान ने बताया कि उनके घर के गेट के सामने समीर (निवासी शीतला विहार) ने अपनी स्कूटी खड़ी कर दी थी, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो रहा था। जब अमित ने स्कूटी हटाने को कहा तो समीर ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौच शुरू कर दी और धमकी दी।
बताया गया कि थोड़ी देर बाद समीर, राहील और करीब 20 अन्य साथियों के साथ अमित चौहान के घर में घुस आया। आरोप है कि हमलावरों ने अमित, उनके भाई और घर में मौजूद अन्य मेहमानों पर जानलेवा हमला किया। घटना के समय अमित के 80 वर्षीय पिता भी घर में मौजूद थे, जो हमलावरों को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आरोपितों ने घर में तोड़फोड़ की और मारपीट में अमित चौहान की टांग तोड़ दी।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने संबंधित थाने में तहरीर दी, जिस पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
राजधानी में आए दिन मारपीट, घर में घुसकर हमला और दबंगई की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर हिंसा की बढ़ती प्रवृत्ति आम नागरिकों में भय का वातावरण पैदा कर रही है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस इस मामले में कितनी शीघ्र और सख्त कार्रवाई करती है, ताकि क्षेत्र में कानून का राज कायम हो सके और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बहाल हो।
