उत्तराखंड (देहरादून) 20 जनवरी 2026: शहर में चौर इतने बेखौफ हो चुके हैं कि वह पुलिस विभाग को भी नहीं छोड़ रहे। नागल हटनाला में निर्माणाधीन पुलिस के आवासीय क्वार्टर के ताले तोड़कर चोर 12 लाख रुपये के तार चोरी कर ले गए। चोरी की घटना को पांच आरोपितों ने अंजाम दिया। तीन ने कमरे से तार के बंडल बाहर निकाले। इसके बाद दो लोग वाहन में आए और पांच मिनट में तार वाहन में लोड किए और फरार हो गए। घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। आरोपितों की तलाश की जा रही है।
नागल हटनाला में पुलिस विभाग केटाइप-2 व टाइप-3 के आवासीय क्वाटर बन रहे हैं। यहां बिल्डिंग का काम पूरा हो चुका है। इन दिनों वायरिंग की जा रही है। कांट्रेक्टर राजन कोठारी ने बताया कि 15 जनवरी देर रात करीब 1:30 बजे तीन व्यक्ति निर्माणाधीन स्थल में घुसे। उन्होंने पेचकस से ताला तोड़ा और 10 मिनट के अंदर-अंदर 200 बिजली के बंडल बाहर निकाल लिए। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद एक वाहन वहां पहुंचा, जिसमें दो लोग सवार थे। आरोपितों ने पांच मिनट के अंदर ही सभी बंडल वाहन में लोड किए। वाहन जब लोड हो गया तो आरोपित दो बंडल वहीं पर छोड़कर फरार हो गए। बताया कि चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। निर्माणाधीन स्थल पर इंजीनियर रहते हैं। लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लग पाई। उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया था, लेकिन पुलिस ने अब केस दर्ज किया है।
