उत्तराखंड (देहरादून) 23 मार्च 2026: उत्तरांचल प्रेस क्लब और राही नेत्र धाम सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नेत्र स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रेस क्लब के सदस्यों और उनके स्वजन ने बड़ी संख्या भाग लिया, जिसमें 100 से अधिक ने अपनी आंखों की जांच करवाई।
प्रेस क्लब परिसर में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम ने आधुनिक उपकरणों के माध्यम से आंखों की बारीकी से जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से सभी मरीजों को निश्शुल्क दवा वितरित की गईं। अस्पताल प्रबंधन ने प्रेस क्लब के सदस्यों और उनके स्वजन के लिए पहली ओपीडी निश्शुल्क रखने की घोषणा भी की। शिविर में अस्पताल के जीएम जितेंद्र कुमार विकल, रेटिना सर्जन डाक्टर कल्याण, आप्टोमेट्रिस्ट विजय पाल और विशाल समेत उनकी टीम ने जांच परीक्षण करवाया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे पत्रकारों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। कार्यक्रम में महामंत्री योगेश सेमवाल, स्वास्थ्य संयोजक शिवेश शर्मा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, संयुक्त मंत्री मीना नेगी, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, रश्मि खत्री, मनवर सिंह रावत, ओपी जोशी आदि उपस्थित रहे।
