उत्तराखंड (नैनीताल) 13 दिसंबर 2025: कालाढूंगी-बाजपुर हाईवे पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) से नैनीताल घूमने जा रहे पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में पिता, दो पुत्रियों व साले की मौत हो गई। जबकि पत्नी, दूसरे साले व दोस्त गंभीर घायल है।
गाजियाबाद से बाजपुर होते हुए पर्यटकों की कार कालाढूंगी की ओर आ रही थी। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे गड़प्पू चैक पोस्ट से लगभग दो किलोमीटर आगे चालक के नियंत्रण खोने से कार पेड़ से जा टकराई। गड़प्पू चौकी पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला। गाजियाबाद निवासी 28 वर्षीय प्रदीप यादव और 18 वर्षीय राहुल यादव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी लाया गया। डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों जीजा-साले हैं। अन्य घायलों में प्रदीप की पत्नी 27 वर्षीय ज्योति और उनकी दो बेटियां तीन साल की अनन्या व डेढ़ साल की किट्टू, राहुल के भाई 23 वर्षीय विवेक यादव के साथ दीपांशु निवासी जिला मैनपुरी (उप्र) को काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान शाम को अनन्या और किट्टू की भी मौत हो गई।
