उत्तराखंड (देहरादून) 10 दिसंबर 2025: पिस्तौल दिखाकर कार ले जाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने चंडी देवी मंदिर के पूर्व महंत सहित दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
चंडीघाट प्लांटेशन रेशम माजरी देहरादून निवासी राम सिंह ने इस संबंध में कोतवाली में शिकायत दर्ज की थी। राम सिंह ने पुलिस को बताया था कि नेचर विला डोईवाला निवासी गीतांजलि का ड्राइवर है। 4 दिसंबर को वह गीतांजलि को उनके आवास पर छोड़ कर अपने घर चंडीघाट प्लांटेशन रेशम माजरी देहरादून पहुंचा। रात करीब 11.28 बजे मुझे पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि दो व्यक्ति मेरे घर में अन्दर घुसने का प्रयास कर रहे हैं। जब झांक कर देखा तो रोहित गिरी पूर्व महंत चंडीदेवी मंदिर तथा आदित्य चौहान घर के बाहर खड़े थे।
जब उसने इस प्रकार रात में आने का कारण पूछा तो उन्होंने गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी। रोहित गिरी ने लोड पिस्तौल दिखाई और घर में पार्क स्कॉर्पियो कार दूसरी चाबी से खोल कर ले गए। राम सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों का इरादा उसे जान से मारने का था। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
