उत्तराखंड (मसूरी) 2 दिसंबर 2025: पुलिस-प्रशासन, संभागीय परिवहन विभाग और नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में अवैध रेंटल दोपहिया संचालन और पार्किंग के विरुद्ध सोमवार को औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद ने किया। लाइब्रेरी बाजार के गाड़ीखाना में अवैध पार्किंग में खड़ी 20 रेंटल स्कूटियों को सीज किया गया। पिक्चर पैलेस लंढौर मार्ग से भी लगभग दो दर्जन रेंटल स्कूटियों को जब्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से रेंटल स्कूटी संचालकों में हड़कंप मच गया।
लाइब्रेरी स्थित नगर पालिका परिषद की संपत्ति पर अवैध रूप से रेंटल स्कूटी पार्किंग संचालित की जा रही थी, जिसे प्रशासन ने सील कर दिया। एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि लंबे समय से अवैध रेंटल दोपहिया वाहनों के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। उन्होंने कहा कि जो भी रेंटल स्कूटी अन्यत्र मिलेगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और लाइसेंस निरस्त कर केस दर्ज किया जाएगा। एआरटीओ प्रवर्तन पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस मौके पर एमडीडीए के अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, नगर पालिका के कर अधीक्षक अनिरूद्ध चौधरी आदि रहे।
