उत्तराखंड (देहरादून) 1 दिसंबर 2025: जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिले में जनसेवा केंद्रों (सीएससी) के निरीक्षण अभियान के तहत तहसील परिसर स्थित रमन इंटरप्राइजेज सीएससी सेंटर में कई गड़बड़ी पकड़ी गई। प्रमाण पत्र बनाने के लिए निर्धारित 40 रुपये के शुल्क पर 100 रुपये की वसूली पाई गई। जिस पर उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी के नेतृत्व वाली टीम ने सेंटर को सील कर दिया।
औचक निरीक्षण के दौरान केंद्र पर विभिन्न योजनाओं के आवेदन अभिलेख मिले, जिनमें आवेदकों के हस्ताक्षर नहीं थे। जब प्रशासनिक टीम ने दस्तावेजों के संबंध में जानकारी मांगी तो केंद्र में कार्यरत स्टाफ संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। इसके अलावा प्रमाण पत्रों व अन्य सेवाओं के लिए निर्धारित दर से अधिक शुल्क वसूली किए जाने की भी पुष्टि हुई। जांच में यह भी पाया गया कि केंद्र का दैनिक रजिस्टर 27 नवंबर 2025 के बाद से अपडेट नहीं किया गया था। निरीक्षण के दौरान सेवाओं से संबंधित अभिलेख, लेन-देन विवरण और शुल्क व्यवस्था की गहन जांच की गई, जिसमें नियमों के पालन में खामियां और सेवा प्रदायगी में कई अन्य गंभीर त्रुटियां भी सामने आईं। लिहाजा, अग्रिम आदेश तक यह सेंटर सील रहेगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसेवा से जुड़े किसी भी केंद्र पर अनियमितता, उपभोक्ता शोषण या पारदर्शिता की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है। सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सीएससी केंद्रों का निरीक्षण निरंतर जारी रहेगा।
