उत्तराखंड (श्रीनगर गढ़वाल) 30 नवंबर 2025: गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की 48वीं अंतर महाविद्यालय एथलेटिक प्रतियोगिताएं शनिवार से विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आरंभ हुईं। आयोजित भव्य समारोह में विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट किया। मुख्य अतिथि विवि के प्रभारी कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह रौथाण ने छात्र-छात्रा वर्ग की एथलेटिक प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन छात्र छात्रा वर्ग की 100 मीटर फर्राटा दौड़ में बिड़ला परिसर श्रीनगर की सिमरन और छात्र वर्ग में डीएवी कालेज देहरादून के सुजल ने विजय प्राप्त की। प्रातः छह बजे हुई 20 किमी वाक रेस में श्रीनगर के मयंक नेगी ने पहला स्थान हासिल किया। हाफ मैराथन में श्रीनगर के कुलदीप नेगी ने बाजी मारी। तीन हजार मीटर स्टेपल दौड़ में बिड़ला परिसर श्रीनगर के राजीव कुमार और 400 मीटर दौड़ में मोहित बिष्ट ने जीत दर्ज की।
छात्रा वर्ग की लंबीकूद में बिड़ला परिसर की कोमल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि और प्रभारी कुलसचिव अनीस उज जमान, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओमप्रकाश गुसाईं, विवि के खेल निदेशक प्रो. जेपी मेहता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
