उत्तराखंड (विकासनगर) 20 नवंबर 2025: कोतवाली सहसपुर अंतर्गत आसन नदी में अवैध खनन कर लौट रहे आरोपितों को कालसी वन प्रभाग के वन आरक्षी ने सहसपुर-सभावाला मोटर मार्ग पर रोक दिया। तीन आरोपित खनन सामग्री से भरा ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। मगर रास्ते में रोके जाने पर उन्होंने वन आरक्षी के साथ मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़ दी। साथ ही वन आरक्षी द्वारा पकड़े गए ट्रैक्टर ट्राली को जबरन छुड़ाकर वहां से भाग निकले। इस मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
कोतवाली सहसपुर में कावका वन आरक्षी वन सुरक्षा दल सहसपुर भूमि संरक्षण वन प्रभाग कालसी ने दी तहरीर दी। बताया कि बुधवार सुबह वह अपने मुख्यालय सहसपुर में तैनात था। मुखबिर ने सूचना दी कि सहसपुर सभावाला मार्ग के पास आसन नदी में ट्रैक्टर के माध्यम से अवैध खनन हो रहा है। जब वह पर मौके पर पहुंचा तो नदी की ओर से एक ट्रेक्टर ट्राली आती देखी। चालक से उसे रोकने के लिए इशारा किया तो चालक ने ट्रैक्टर रोक दिया। जांच करने पर पाया गया कि ट्राली में बजरी भरी हुई थी।
