उत्तराखंड (देहरादून) 29 अक्टूबर 2025: राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल के रेडियोलाजी विभाग में अल्ट्रासाउंड कराने के लिए सुबह से भीड़ रही। हालांकि, तीन रेडियोलाजिस्ट की तैनाती के बाद लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। अन्य दिनों में जिस काम के लिए लाइन में लगकर घंटों लग जाते थे, वह कुछ ही मिनट में पूरा हो गया। नंबर जल्दी आने से इस बार अल्ट्रासाउंड कराने वालों के चेहरे पर शिकन की जगह उमंग थी।
रेडियोलाजी विभाग में पहले दो रेडियोलाजी सेवाएं दे रहे थे, लेकिन दीपावली के बाद से एक के अवकाश पर जाने के बाद एक ही सेवा देने लगे। अल्ट्रासाउंड कराने आए लोग देरी से नंबर आने से परेशान रहे। किसी का नंबर अगले दिन, तो किसी का तीसरे दिन में आया। बीते सोमवार से तीन रेडयोलाजिस्ट सुबह से रात तक तैनात हैं। मंगलवार को भी सुबह जो अल्ट्रासाउंड कराने आए थे कुछ ही देर में वे वापस लौटे। पटेलनगर की रीना, सीमा, डालनवाला के आशीष पंवार और रायपुर के नीरज जोशी ने बताया कि वह स्वजन को यहां अल्ट्रासाउंड कराने आए थे, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ कि इतनी जल्दी नंबर आया। चिकित्सा अधीक्षक डा. आरएस बिष्ट ने बताया कि डा. विदुषी व डा. अभिषेक यादव के अलावा डा. प्रकाश पांडे सेवाएं दे रहे हैं। सभी डाक्टर मिलकर प्रतिदिन 150 अल्ट्रासाउंड करने का प्रयास भी करेंगे।
